कांकेर में नक्सल विरोधी अभियान को बड़ी सफलता, 5 लाख की इनामी महिला नक्सली ढेर

2 Min Read

कांकेर : छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान के तहत बड़ी कामयाबी मिली है। छोटे बेटिया थाना क्षेत्र के जंगलों में हुई मुठभेड़ में 5 लाख रुपये की इनामी महिला नक्सली एरिया कमांडर रूपी को मार गिराया गया है। मुठभेड़ स्थल से उसका शव और हथियार भी बरामद किए गए हैं।

गुप्त सूचना पर चला था सर्च ऑपरेशन

पुलिस सूत्रों के अनुसार, सुरक्षा बलों को मुखबिर से मिली पुख्ता जानकारी के आधार पर सोमवार सुबह जंगल में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया था। इसी दौरान नक्सलियों से आमना-सामना हो गया और दोनों ओर से फायरिंग शुरू हो गई।

जवाबी कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने एरिया कमांडर रूपी को ढेर कर दिया।

मौके से हथियार और नक्सली सामग्री बरामद

मुठभेड़ के बाद इलाके में तलाशी अभियान चलाया गया, जिसमें महिला नक्सली का शव और उसके पास से आधुनिक हथियार तथा नक्सली सामग्री बरामद हुई है। सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है ताकि अन्य नक्सलियों की मौजूदगी का पता लगाया जा सके।

सरेंडर से किया था इनकार

जानकारी के अनुसार राज्य सरकार ने नक्सलवाद के खात्मे के लिए 31 मार्च 2026 तक की समयसीमा तय की है। इस दौरान कई नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में वापसी की है, लेकिन एरिया कमांडर रूपी ने सरेंडर करने से साफ इनकार कर दिया था।

इसके बाद से सुरक्षा एजेंसियां उसकी लगातार तलाश में जुटी हुई थीं।

नक्सली नेटवर्क को बड़ा झटका

सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय नक्सली नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। साथ ही नक्सल विरोधी अभियान को और मजबूती मिलेगी।

अभियान से बढ़ा सुरक्षा बलों का मनोबल

कांकेर में हुई यह कार्रवाई राज्य में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान के लिए अहम मानी जा रही है। इससे सुरक्षा बलों का मनोबल भी मजबूत हुआ है और क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों पर और सख्त निगरानी की संभावना बढ़ गई है।

Share this Article