रायपुर, 12 अप्रैल। राजधानी रायपुर में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और असामाजिक गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने गुरुवार शाम से देर रात तक व्यापक स्तर पर चेकिंग अभियान चलाया। यह कार्रवाई कोतवाली डिवीजन के अंतर्गत कोतवाली, गोलबाजार, मौदहापारा और गंज थाना क्षेत्रों में की गई।
अड्डेबाजी और नशाखोरी पर पुलिस की सख्ती
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने शराब भट्ठियों, सुनसान इलाकों और संदिग्ध गतिविधियों वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी। जांच के दौरान अड्डेबाजी और नशाखोरी में शामिल 8 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। सभी आरोपियों को विशेष कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से 7 लोगों को जेल वारंट जारी कर केंद्रीय जेल भेज दिया गया।
फरार वारंटियों पर कसा शिकंजा
पुलिस ने मौदहापारा और गंज थाना क्षेत्रों में संयुक्त कार्रवाई करते हुए 2 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा 8 जमानती वारंट और 7 गिरफ्तारी वारंटों को भी तामील किया गया, जिससे लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों पर दबाव बढ़ा है।
चेकिंग के दौरान अवैध हथियार बरामद
तेलघानी नाका चौक के पास चेकिंग अभियान के दौरान गंज थाना पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली। इस दौरान उसके पास से अवैध धारदार चाकू बरामद हुआ। आरोपी की पहचान राज नायक उर्फ माया, निवासी उरला के रूप में हुई है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है।
आगे भी जारी रहेगा सख्त अभियान
पुलिस ने अभियान के दौरान ई-रिक्शा चालकों और अन्य संदिग्ध व्यक्तियों की भी गहन जांच की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
