रायपुर में इंटरस्टेट चैन स्नैचिंग गैंग का भंडाफोड़…7 महिलाएं और 1 पुरुष गिरफ्तार, कई राज्यों में फैला था नेटवर्क

3 Min Read

रायपुर : में लगातार बढ़ रही चैन चोरी की घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट और डीडी नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने 7 महिलाओं और 1 पुरुष सहित कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

लग्जरी कार से करते थे वारदात

पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह लग्जरी इनोवा कार के जरिए अलग अलग राज्यों में घूमकर चैन स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम देता था। आरोपी आपस में रिश्तेदार हैं और गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में सक्रिय रहे हैं।

भीड़भाड़ वाले इलाकों को बनाते थे निशाना

गिरोह के सदस्य बाजार और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लोगों को टारगेट करते थे। रायपुर में ही इन्होंने एक दर्जन से ज्यादा चैन चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है।

66 वर्षीय महिला से चैन चोरी का मामला बना सुराग

8 अप्रैल को चंगोराभाठा बाजार में 66 वर्षीय महिला की सोने की चैन चोरी की घटना सामने आई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें संदिग्ध महिलाएं वारदात करते हुए नजर आईं।

बस स्टैंड के पास घेराबंदी कर पकड़ा गया गिरोह

तकनीकी इनपुट और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने भाठागांव बस स्टैंड के पास घेराबंदी की। संदिग्ध इनोवा वाहन को रोककर उसमें सवार सभी लोगों को हिरासत में लिया गया।
शुरुआत में आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्त पूछताछ में उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया।

लाखों का सामान जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10,500 रुपये नकद, एक सोने की चैन, कटर, 4 मोबाइल फोन और इनोवा वाहन सहित करीब 11.30 लाख रुपये का सामान जब्त किया है।
आरोपियों के खिलाफ शहर के कई थानों में पहले से भी मामले दर्ज हैं।

कई राज्यों में कबूला अपराध

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने विभिन्न राज्यों के कई शहरों में इसी तरह की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच कर रही है।

Share this Article