सरगुजा में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, फांसी लगाकर दी जान…शादी के ढाई महीने बाद ही टूटा परिवार

2 Min Read

सरगुजा, 07 अप्रैल। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से एक दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां 18 साल की नवविवाहिता ने संदिग्ध हालात में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के केपी गांव का है।

पति को बुलाया, फिर उठाया खौफनाक कदम

जानकारी के मुताबिक, पूजा गिरी की शादी करीब ढाई महीने पहले 19 वर्षीय मुकेश गिरी के साथ हुई थी। रविवार शाम पूजा ने अपने पति को फोन कर घर बुलाया और तबीयत खराब होने की बात कही। पति के घर पहुंचने पर वह सामान्य नजर आई, लेकिन कुछ ही देर बाद कमरे में जाकर दरवाजा बंद कर लिया।

दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे परिजन, सामने आया दर्दनाक दृश्य

जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला, तो परिजन घबरा गए। उन्होंने छप्पर तोड़कर कमरे के भीतर प्रवेश किया। अंदर का दृश्य देख सभी स्तब्ध रह गए। पूजा साड़ी से बने फंदे पर लटकी हुई थी। आनन फानन में उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

पति ने पुलिस को बताई पूरी बात

पुलिस पूछताछ में पति ने बताया कि वह शाम को डांस सीखने गया हुआ था। इसी दौरान पूजा ने फोन कर तबीयत खराब होने की जानकारी दी थी। घर लौटने पर वह उल्टी कर रही थी। पति के अनुसार, पूजा अक्सर छोटी छोटी बातों पर नाराज हो जाती थी।

पुलिस जांच जारी, अभी तक नहीं हुई शिकायत

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। सोमवार को न्यायिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। फिलहाल मायके पक्ष की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस

पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है, ताकि घटना के पीछे की असली वजह सामने आ सके।

Share this Article