रायपुर को ट्रैफिक जाम से राहत, चार नए फ्लाईओवर बदलेंगे शहर की रफ्तार

3 Min Read

छत्तीसगढ़ : की राजधानी रायपुर में लंबे समय से जाम से जूझ रहे लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। इस साल शहर को चार नए फ्लाईओवर और ओवरपास की सौगात मिलने जा रही है। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद यातायात व्यवस्था पहले से कहीं अधिक सुगम होगी और लोगों को रोजाना घंटों जाम में फंसने से छुटकारा मिलेगा।

लोक निर्माण विभाग ने इन चारों प्रोजेक्ट के लिए करीब 360 करोड़ रुपये की स्वीकृति दे दी है, जिससे शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर को नई मजबूती मिलेगी।


12 लाख लोगों को मिलेगा सीधा फायदा

इन फ्लाईओवर और ग्रेड सेपरेटर के निर्माण से रायपुर के अलग अलग हिस्सों में रहने वाले लगभग 12 लाख लोगों को राहत मिलेगी। शहर के सबसे व्यस्त और ट्रैफिक प्रभावित क्षेत्रों को प्राथमिकता देते हुए इन प्रोजेक्ट्स को तैयार किया जा रहा है।


जीई रोड पर सबसे बड़ा फ्लाईओवर

रायपुर की लाइफलाइन माने जाने वाले जीई रोड पर गुरु तेग बहादुर उद्यान से नेताजी सुभाष चंद्र बोस चौक तेलीबांधा तक फ्लाईओवर बनाया जाएगा।

इस परियोजना पर लगभग 172.86 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके तैयार होने के बाद 4 से 5 लाख लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और इस मार्ग पर ट्रैफिक का दबाव काफी कम हो जाएगा।


रिंग रोड नंबर 2 पर सोनडोंगरी चौक में ओवरपास

रिंग रोड नंबर 2 के सोनडोंगरी चौक पर भी ओवरपास का निर्माण प्रस्तावित है।

करीब 43.89 करोड़ रुपये की लागत वाले इस प्रोजेक्ट से रोजाना गुजरने वाले 45 हजार से ज्यादा वाहनों को राहत मिलेगी। अनुमान है कि लगभग 2 लाख लोगों को जाम से छुटकारा मिलेगा।


वीआईपी रोड के फुंडहर चौक पर बनेगा ओवरपास

शहर के व्यस्त वीआईपी रोड पर फुंडहर चौक में नया ओवरपास तैयार किया जाएगा।

इस परियोजना की लागत करीब 56.70 करोड़ रुपये है। यहां से प्रतिदिन 60 हजार वाहन गुजरते हैं, जिससे अक्सर जाम की स्थिति बनती है। ओवरपास बनने के बाद लगभग 3 लाख लोगों को फायदा होगा।


अटल एक्सप्रेस वे पर ग्रेड सेपरेटर

अटल एक्सप्रेस वे पर फुंडहर चौक के पास ग्रेड सेपरेटर का निर्माण भी प्रस्तावित है।

इस प्रोजेक्ट पर 87.53 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। रोजाना करीब 70 हजार वाहनों की आवाजाही वाले इस मार्ग पर ग्रेड सेपरेटर बनने से 3.5 लाख लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।


डिप्टी सीएम अरुण साव का बयान

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद रायपुर की ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। शहर के व्यस्त मार्गों पर दबाव कम होगा और आवागमन पहले से ज्यादा सुगम बनेगा।

Share this Article