सिंगापुर से लौटे CM साय, बोले- ₹43,600 करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सिंगापुर के दौरे के बाद बुधवार को छत्तीसगढ़ लौट आए। रायपुर एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने दौरे को सफल बताते हुए कहा कि निवेशकों के साथ छत्तीसगढ़ में उद्योग और निवेश की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई है।

मुख्यमंत्री 3 से 6 अक्टूबर तक सिंगापुर दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने SING फोरम 2026 में हिस्सा लिया और कई निवेशकों एवं कंपनियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की।

साय के मुताबिक, दौरे के दौरान छत्तीसगढ़ के लिए करीब ₹43,600 करोड़ के निवेश प्रस्तावों पर सहमति बनी है। प्रस्ताव ऊर्जा, डेटा सेंटर, ग्रीन एनर्जी, कृषि और वाइल्डलाइफ टूरिज्म जैसे क्षेत्रों से जुड़े हैं।

इनमें सबसे बड़ा प्रस्ताव एनर्जी कैपिटल ग्लोबल का करीब ₹41,750 करोड़ का है। कंपनी 100 मेगावाट क्षमता वाला AI-रेडी डेटा सेंटर कैंपस स्थापित करने की दिशा में काम करेगी।

इसके अलावा सनस्ट्रीम ग्रीन एनर्जी ने करीब ₹1,500 करोड़ के निवेश की सहमति जताई है। कंपनी सोलर एनर्जी और बैटरी स्टोरेज से जुड़े क्षेत्रों में काम करेगी। कृषि क्षेत्र में वैलेंसी इंटरनेशनल के करीब ₹350 करोड़ के निवेश प्रस्ताव का भी जिक्र मुख्यमंत्री ने किया।

वाइल्डलाइफ टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए मंडाई वाइल्ड लाइफ ग्रुप के साथ भी चर्चा हुई।

रायपुर लौटने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि अब इन निवेश प्रस्तावों को जमीन पर उतारने की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सिंगापुर दौरे के दौरान लक्ष्य के मुताबिक काम किया गया है और आने वाले समय में इसका असर प्रदेश में दिखाई देगा।

Share this Article